इंडिया बनाम भारत बहस में कूदीं कंगना रनौत, इंडियन का मतलब समझाया

इंडिया बनाम भारत बहस में कूदीं कंगना रनौत, इंडियन का मतलब समझाया

कंगना रनौत ने ट्वीट करते हुए लिखा कि इस नाम में प्यार करने जैसा क्या है? सबसे पहले तो वे ‘सिंधु’ का उच्चारण नहीं कर सके तो उसको बिगाड़ा के ‘INDUS’ कर दिया।

देशभर में इंडिया बनाम भारत पर बहस छिड़ा हुआ है। G-20 से जुड़े निमंत्रण पत्र पर ‘प्रेसिडेंट ऑफ भारत’ लिखे जाने को लेकर राष्ट्रव्यापी बहस जारी है। अटकलबाजी का दौर शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि संसद के विषेश सत्र में इंडिया का नाम बदलकर भारत किया जा सकता है।

इस पर विपक्षी दल सरकार की आलोचना कर रहे हैं। बहस दो गुटों में बंटा हुआ है। इसी बीच बॉलीवुड सेलेब्स पीछे नहीं हैं। अमिताभ बच्चन ने एक्स पर बीते दिनों ‘भारत माता की जय’ लिखा था। जिसे भारत शब्द के समर्थन में देखा गया। अब इसमें कंगना रनौत की एंट्री हो गई है। कंगना ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि डिक्शनरी में इंडियन का मतलब गुलाम बताया जाता था हाल ही में इसे बदल दिया गया है।

कंगना रनौत ने ट्वीट करते हुए लिखा, “इस नाम में प्यार करने जैसा क्या है? सबसे पहले तो वे ‘सिंधु’ का उच्चारण नहीं कर सके तो उसको बिगाड़ा के ‘INDUS’ कर दिया। फिर कभी हिंदोस कभी इंदोस कुछ भी गोल मोल करके इंडिया बना दिया। महाभारत के समय से, कुरुक्षेत्र के महान युद्ध में भाग लेने वाले सभी राज्य भारत नामक एक महाद्वीप के अंतर्गत आते थे। तो वे हमें इंदु-सिंधु क्यों कह रहे थे?”

कंगना ने आगे लिखा, “साथ ही भारत नाम इतना सार्थक है, इंडिया का अर्थ क्या है? मैं जानती हूं कि वे रेड इंडियन कहते थे क्योंकि पुरानी अंग्रेजी में इंडियन का मतलब केवल एक गुलाम होता था, उन्होंने हमें इंडियन नाम दिया। क्योंकि वह हमारी नई पहचान थी जो हमें अंग्रेजों ने दी थी। पुराने ज़माने की डिक्शनरी में भी इंडियन का मतलब गुलाम बताया जाता था। हाल ही में इसे बदल दिया गया है। यह हमारा नाम नहीं है, हम भारतीय हैं, इंडियन नहीं।”

साथ ही कंगना ने अपने एक बयान का स्क्रीनशॉट शेयर किया है। एक्ट्रेस ने दो साल पहले कहा था कि देश का नाम इंडिया हटा देना चाहिए और इसके बजाय भारत कहा जाना चाहिए। अपने इस बयान को शेयर करते हुए कंगना ने लिखा, “कुछ लोग इसे काला जादू कहते हैं। यह बस ग्रे मैटर है। सभी को बधाई। एक गुलाम नाम से मुक्ति। जय भारत।”