INDIA की मीटिंग में फिर छाए लालू यादव, मोदी पर सीधा हमला, जानें किसने क्या कहा!

INDIA की मीटिंग में फिर छाए लालू यादव, मोदी पर सीधा हमला, जानें किसने क्या कहा!

मुंबई में इंडिया गठबंधन की मीटिंग हुई। इसके बाद वहां के ग्रैंड हयात होटल में मीडिया को संबोधित करते हुए आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा।

मुंबई में इंडिया गठबंधन की मीटिंग हुई। इसके बाद वहां के ग्रैंड हयात होटल में मीडिया को संबोधित करते हुए आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। लालू यादव ने कहा कि हमें खुशी है कि सभी दल एक साथ आ रहे हैं। हम शुरू से यह लड़ाई लड़ते रहे हैं कि ‘भाजपा हटाओ, देश बचाओ’।

उन्होंने कहा कि इस देश में अल्पसंख्यक सुरक्षित नहीं हैं। देश में गरीबी, मंहगाई बढ़ रही है। लगातार लड़ाई लड़ते-लड़ते हम लोग आज इस मुकाम तक पहुंचे हैं। तंज कसते हुए आरजेडी सुप्रीमो ने कहा कि बीजेपी को छोड़कर सभी दल एकजुट हुए हैं। सभी को याद होगा कि कितना झूठ बोलकर बीजेपी सत्ता में आई थी।

लालू यादव ने कहा कि बीजेपी ने सत्ता में आने के लिए हम लोगों का नाम लिया गया था। यह प्रचारित किया था कि इन लोगों का पैसा स्विस बैंक में जमा है। इतना ही नहीं मोदी जी ने देश की जनता से कहा कि था स्विस बैंक का पैसा वापस लेकर आएंगे और लोगों को 15-15 लाख रुपये मिलेंगे।

लालू यादव अपने चिर-परिचित अंदात में तंज कसते हुए ने कहा कि इसके लिए मोदी सरकार ने लोगों के जनधन खाते भी खुलवाए थे। हम पति-पत्नी ने भी अपना खाता खुलवाया। मगर पैसा नहीं आया। मिला क्या, ये आप लोगों को भी मालूम होगा। असल में वो पैसा इन्हीं लोगों का पैसा था। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि सोचा हमारे परिवार में 11 लोग हैं सबको 15-15 मिलेगा मगर किसी को कुछ नहीं मिला।

आरजेडी सुप्रीमो ने इसके बाद कहा कि चंद्रयान को लेकर काफी जय-जयकार हो रही है। चंद्रयान की सफलता पर हम सभी को गर्व भी है। मगर, वैज्ञानिकों ने अपील कर रहे हैं कि मोदी जी को सूर्यलोक पर पहुंचा दें। इसके लिए हमारी शुभकामनाएं भी हैं। देश में विपक्ष का कोई ऐसा नेता नहीं बचा है, जिसे जांच एजेंसियों का सामना न करना पड़ा हो।

दूसरी तरफ, मीडिया को संबोधित करते हुए दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने सबसे पहले गठबंधन के नेताओं को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि ये गठबंधन 28 पार्टियों का नहीं बल्कि देश के 140 करोड़ लोगों का गठबंधन है। देश के लोग एकजुट हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वो 21वीं सदी के भारत का निर्माण करना चाहते हैं। मोदी सरकार अब तक की सबसे भ्रष्ट सरकार है। विदेशों के अखबारों में खबरें छप रही हैं कि मोदी सरकार एक व्यक्ति के लिए काम कर रही है। देश का नाम ऐसे नहीं बढ़ेगा। आज हमारा युवा बेरोजगार घूम रहा है।

केजरीवाल ने कहा कि हमारे लोगों की आमदनी कम और खर्चे ज्यादा हैं। मोदी सरकार खुद को भगवान से बढ़कर समझ रही है। जब कोई ऐसा सोचता है तो उसका पतन निश्चित होता है। बहुत सारी ताकतें हमारे गठबंधन को तोड़ने में लगी हुई हैं। बहुत सारी भ्रामक बातें भी गठबंधन को लेकर कही जा रही हैं। बता दूं कि हमारे गठबंधन में किसी की किसी से कोई लड़ाई नहीं है। सभी किसी पद के लिए नहीं बल्कि देश के लिए एक साथ आए हैं।

वहीं, उद्धव ठाकरे ने कहा कि ये अब सेशन बुलाने जा रहे हैं। अब क्या होगा। ये तो आधी रात को कोई भी ऐलान कर देते हैं कि ये बंद है और वो बंद है। आखिर अचानक विशेष सत्र क्यों बुलाना पड़ा। जबकि मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि किसी को यह पता ही नहीं है कि सत्र क्यों बुलाया जा रहा है। कभी संकट की स्थिति में सत्र को नहीं बुलाया। आखिर चीन के मुद्दे पर, नोटबंदी पर और मणिपुर जैसे संकट को लेकर सेशन क्यों नहीं बुलाया। मोदी जी भले कहते हैं कि न खाऊंगा और न खाने दूंगा। लेकिन वह कुछ लोगों को तय करके खाने दे रहे हैं।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, “नियमित रूप से जगह-जगह हमलोग अपना प्रचार प्रसार कर रहे हैं. केंद्र में जो हैं, वो हारेंगे और जाएंगे. अब नियमित रूप से हम जगह जगह प्रचार करेंगे…। हम सब एक साथ आ गए हैं, अब जो केंद्र में हैं, अब वो जाने वाले हैं…। देश के इतिहास को ये बदलना चाहते हैं, हम इतिहास नहीं बदलने देंगे। अब कोई ठिकाना नहीं है, चुनाव समय से पहले हो सकता है। उसके लिए भी हम तैयारी कर रहे हैं।”

उधर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने कहा कि जो दल आज मंच पर है, वे देश के 60 फीसदी लोगों का प्रतिनिधित्व करते हैं। हमारे बीच अब सीट बटंवारे पर चर्चा होगी। अगर विपक्ष एकजुट है तो बीजेपी का जीतना मुश्किल है। इस देश में एक कारोबारी और पीएम के बीच साठगांठ है। उन्होंने कहा कि मैं जब लद्दाख गया था तो मैंने वहां खुद चीनियों को देखा है। लद्दाख के स्थानीय लोगों ने मुझे बताया कि चीन पर पीएम झूठ बोल रहे हैं। चीन ने हमारी जमीन ली है।