नीतीश कुमार बोले- लोकसभा चुनाव को लेकर मेरी कोई व्यक्तिगत इच्छा नहीं

नीतीश कुमार बोले- लोकसभा चुनाव को लेकर मेरी कोई व्यक्तिगत इच्छा नहीं

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दावा किया है कि कुछ और दल इंडिया गठबंधन में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि हम विपक्षी एकता की अगली बैठक में भाग लेने मुंबई जा रहे हैं।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दावा किया है कि कुछ और दल इंडिया गठबंधन में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि हम विपक्षी एकता की अगली बैठक में भाग लेने मुंबई जा रहे हैं। वहां हम सब दोबारा एक साथ मिल बैठकर 2024 लोकसभा चुनाव की तैयारी पर निर्णय लेंगे। वे रविवार को लोहिया पथ चक्र का निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों से बातकर रहे थे।

नीतीश कुमार ने कहा, “लोकसभा चुनाव को लेकर मेरी कोई व्यक्तिगत इच्छा नहीं है। हम शुरू से यह बात बोल रहे हैं। हम सभी विपक्षी दलों को एकजुट करना चाहते हैं। हम चाह रहे हैं कि लोकसभा चुनाव की सीटों का बंटवारा जल्द हो और तय हो जाए कि कौन-कौन, कहां-कहां से लड़ेगा।” उन्होंने पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि विपक्ष क्या बोलता है, उसका कोई मतलब नहीं है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा है कि भाजपा के लोग जान रहे हैं कि हम इतने लोगों को एकजुट कर रहे हैं तो उनको नुकसान होने वाला है। इसलिए भाजपा के लोग अनाप-शनाप बोलते रहते हैं। भाजपा के लोग क्या बोलते हैं, उसपर हम ध्यान नहीं देते है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हमको सिर्फ काम करना है। काम से ही मतलब रखते हैं। दिन कोई मायने नहीं रखता है।

जैसाकि मालूम है कि इंडिया गठबंधन की बैठक मुंबई में 1 सितंबर को होने वाली है। इससे पहले दो बैठकें हो चुकी हैं। पहली बैठक 23 जून को पटना में हुई थी, जिसमें 15 दलों के शीर्ष नेता भाग लिये थे। दूसरी बैठक में बेंगलुरु में 17-18 जुलाई को हुई थी, जिसमें 26 दलों के नेता शामिल हुए थे। इसी बैठक में विपक्षी महागठबंधन का नाम ‘इंडिया’ दिया गया था।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को सड़क मार्ग से पटना के आसपास गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर का जायजा लिया। मुआयना के क्रम में उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को ध्यान में रखते हुए पूरी तरह सचेत रहें और सारी तैयारियां पूरी रखें। गंगा नदी के किनारे, जहां भी घनी आबादी है, वहां निरंतर चौकसी एवं विशेष निगरानी रखें, ताकि लोग सुरक्षित रहें।

मुख्यमंत्री अटल पथ होते हुए जेपी गंगा पथ से रानी घाट पहुंचे, जहां उन्होंने गंगा के जलस्तर में हुई वृद्धि को देखा। मुख्यमंत्री ने जेपी गंगा पथ पर रानी घाट से पैदल चलते हुए पटना लॉ कॉलेज गंगा घाट, गोलकपुर बालू घाट, बहरवा घाट और गांधी घाट के आसपास के इलाकों में गंगा नदी के जलस्तर की स्थिति को देखा और अधिकारियों के इस संबंध में विस्तृत जानकारी ली।

नीतीश कुमार के साथ इस मौके पर तमाम अधिकारी उनके साथ मौजूद थे। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, जल संसाधन विभाग के अपर मुख्य सचिव चैतन्य प्रसाद, आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, पटना प्रमंडल आयुक्त कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह उनके साथ समस्याओं का जायजा लेते देखे गए।