Mizoram

मिजोरम में अंडर कंस्ट्रक्शन रेल ब्रिज ढहा, 17 की मौत, PM ने दु:ख जताया

पूर्वोत्तर राज्य मिजोरम से बड़े हादसे की खबर सामने आई है। मिजोरम की राजधानी आइजोल के पास अंडर कंस्ट्रक्शन रेल ब्रिज ढहने से बड़ा हादसा हो गया है। इस हादसे में 17 मजदूरों की मौत हो गई है...

पूर्वोत्तर राज्य मिजोरम से बड़े हादसे की खबर सामने आई है। मिजोरम की राजधानी आइजोल के पास अंडर कंस्ट्रक्शन रेल ब्रिज ढहने से बड़ा हादसा हो गया है। इस हादसे में 17 मजदूरों की मौत हो गई है जबकि अब भी 30 से 40 मजदूर मलबे में दबे होने की आशंका हैं। मलबे के नीचे दबे मजदूरों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। माना जा रहा है कि मरने वालों की संख्या बढ़ भी सकती है।

इस हादसे पर मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथांगा ने दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। मिजोरम के जिस रेल ओवर ब्रिज प्रोजेक्ट पर मजदूर काम कर रहे थे। उस पुल नंबर 196 की ऊंचाई 104 मीटर है। यह ब्रिज दिल्ली के कुतुब मीनार से भी 42 ज्यादा ऊंचा है।

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस दुर्घटना पर दु:ख जताया है। उन्होंने कहा, “जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। बचाव अभियान जारी है। प्रभावितों को हर संभव सहायता दी जा रही है। इस हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी।”

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्वीट किया, ”मिजोरम में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना से दुखी हूं। एनडीआरएफ, राज्य प्रशासन और रेलवे अधिकारी घटनास्थल पर हैं। युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। अनुग्रह मुआवजा: मृत्यु के मामले में 10 लाख रुपये, गंभीर चोटों के लिए 2 लाख रुपये और मामूली चोटों के लिए 50,000 रुपये।”

इधर, मिजोरम के मुख्यमंत्री ज़ोरमथांगा ने कहा कि वह घटना में लोगों की मौत पर गहरा दुख और बचाव अभियान में मदद करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हैं।