कांग्रेस का बड़ा दाव, कहा- मध्य प्रदेश में सरकार बनते ही होगा जातिगत जनगणना

कांग्रेस का बड़ा दाव, कहा- मध्य प्रदेश में सरकार बनते ही होगा जातिगत जनगणना

मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव इस साल के अंत में होने वाले हैं। लेकिन अभी से ही कांग्रेस पार्टी ने कमर कस ली है। मंगलवार को कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे राज्य के सागर में चुनाव प्रचार को संबोधित किया..

मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव इस साल के अंत में होने वाले हैं। लेकिन अभी से ही कांग्रेस पार्टी ने कमर कस ली है। मंगलवार को कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे राज्य के सागर में चुनाव प्रचार को संबोधित किया और भाजपा पर जमकर बरसे। उन्होंने इस दौरान जनता से कुछ बड़े वादे भी किए। उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा।

कांग्रेस अध्यक्ष कहा कि कमलनाथ के सीएम बनने पर मध्य प्रदेश के किसानों का कर्ज माफ करेंगे। राज्य में एलपीजी सिलेंडर 500 रुपये में उपलब्ध करवाया जाएजा। उन्होंने महिलाओं को भी हर महीने 1500 रुपये देने का ऐलान किया। साथ में उन्होंने महिलाओं से ये भी वादा कर दिया कि अगर और पैसा मिला तो इसे आगे बढ़ा देंगे।

उन्होंने आगे कहा कि 100 यूनिट तक बिजली बिल माफ होगा। सरकार कर्मचारियों के लिए ओल्ड पेंशन स्कीम लागू होगी। इसके अलावा उन्होंने राज्य में जातिगत जनगणना करवाना का भी वादा किया। उन्होंने कहा कि इससे पिछड़े तबके का भला होगा। उन्होंने आगे कहा कि हमने इसीलिए बैकवर्ड क्लास के 6 नौजवानों को वर्किंग कमेटी का हिस्सा बनाया है।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश की यह सरकार गैर-कानूनी है। उन्होंने हमारे विधायकों की चोरी की, दूसरी तरफ वो कहते हैं कि उन्होंने अपने सिद्धांतों पर सरकार बनाई है। मल्लिकार्जुन खड़गे ने आगे कहा कि वे हमेशा पूछते हैं कि कांग्रेस ने 70 साल में क्या किया। हमने संविधान बचाया इसलिए वह प्रधानमंत्री बने।

उन्होंने कहा कि वो लोगों का ईडी का डर दिखाकर अपनी सरकारें बना रहे हैं। यही कर्नाटक और मणिपुर में हुआ। जहां भी उन्हें चुनाव में चुना नहीं जाता, वो यही करते हैं। खड़गे ने आगे कहा कि कुछ लोग संविधान को बदलना चाहते हैं लेकिन ऐसा नहीं होगा। इस देश में 140 करोड़ लोग संविधान को बचाने के लिए जिंदा हैं।

दूसरी तरफ, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने आरोप लगाया है कि केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण महंगाई आसमान छू रही है। जयराम रमेश ने यह दावा भी किया कि जनता इस बात को समझ गई है कि सरकार का सारा ध्यान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की छवि बचाने और अपने पूंजीपति मित्रों को फ़ायदा पहुंचाने पर है।

उन्होंने महंगाई बढ़ने से संबंधित एक खबर का हवाला देते हुए ‘एक्स’ (पूर्व का ट्विटर) पर पोस्ट किया, “मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण महंगाई आसमान छू रही है। सब्ज़ी, आटा, चावल, दाल समेत सभी आवश्यक वस्तुओं की क़ीमतें लगातार बढ़ रही है। डेढ़ महीने में थाली 28 प्रतिशत महंगी हो गई है।”

उन्होंने कहा, “एक तरफ महंगाई बढ़ रही है, दूसरी तरफ़ किसानों को उनकी उपज के सही दाम नहीं मिल रहे हैं। न्यूनतम समर्थन मूल्य का वादा आज तक पूरा नहीं हुआ। किसान अनाज कम दाम में बेचने को मजबूर होते हैं, लेकिन जैसे ही कृषि उत्पाद पूंजीपतियों के गोदामों में पहुंचते हैं, उनकी क़ीमतें एकाएक बढ़ जाती हैं।”

कांग्रेस महासचिव ने यह भी कहा कि प्याज़ पर निर्यात शुल्क में 40 प्रतिशत बढ़ोतरी के कारण नासिक में एशिया की सबसे बड़ी प्याज़ मंडी बंद है। उन्होंने दावा किया, “जनता भी अब समझ चुकी है कि इस सरकार का सारा ध्यान सिर्फ़ प्रधानमंत्री की छवि बचाने और अपने पूंजीपति मित्रों को फ़ायदा पहुंचाने पर है।”