अक्षय कुमार बने भारत के नागरिक, मिला इंडियन पासपोर्ट

अक्षय कुमार बने भारत के नागरिक, मिला इंडियन पासपोर्ट

स्वतंत्रता दिवस पर अक्षय कुमार ने अपने फैंस को बड़ी खुशखबरी दी है। अब उन्हें भारत की नागरिकता मिल गई है। खिलाड़ी कुमार को भारत का पासपोर्ट मिला है।

स्वतंत्रता दिवस पर अक्षय कुमार ने अपने फैंस को बड़ी खुशखबरी दी है। अब उन्हें भारत की नागरिकता मिल गई है। खिलाड़ी कुमार को भारत का पासपोर्ट मिला है। उन्होंने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने लिखा है, “दिल और सिटीजनशिप दोनों हिंदुस्तानी। हैप्पी इंडिपेंडेंस डे.. जय हिंद।”

अक्षय के पास पहले कनाडा की नागरिकता थी। फिर से भारत की नागरिकता पाकर एक्टर काफी खुश हैं। फैंस सोशल मीडिया पर एक्टर को बधाई दे रहे हैं। बता दें कि अक्षय कुमार काफी समय से भारत की नागरिकता लेने की कोशिश कर रहे थे। क्योंकि उनके पास भारतीय नागरिकता नहीं थी। इसलिए एक्टर को काफी आलोचना झेलनी पड़ रही थी।

अक्षय को सोशल मीडिया पर लोग कनाडा कुमार का टैग देते थे। एक्टर को ट्रोल करते हुए लोग उनकी फिल्मों पर निशाना साधते थे। मूवीज के कलेक्शन पर इसका असर पड़ते देखा गया था। लोग कहते थे कि आप इंडिया में काम करते हैं। यहां आपकी कमाई होती है। लेकिन भारत की नागरिकता आपके पास नहीं है। आप दूसरे देश का नागरिकता रखते हैं।

अक्षय ने कई मीडिया इंटरव्यूज में कनाडा की सिटीजनशिप को लेकर हुई ट्रोलिंग पर रिएक्ट किया था। आज तक को ही दिए पुराने एक इंटरव्यू में खिलाड़ी कुमार ने कहा था कि भारत मेरे लिए सबकुछ है। मैंने जो भी कमाया है, यहां रहकर कमाया है। और मैं खुद को खुशनसीब मानता हूं कि मुझे लौटाने का मौका मिला है। मुझे खराब लगता है जब लोग मेरी नागरिकता पर सवाल खड़े करते हैं। वह किसी भी बारे में कुछ नहीं जानते। बस बातें बनाते हैं।

साल 2011 में अक्षय कुमार को कनाडाई संघीय चुनाव के बाद वहां की कंजरवेटिव सरकार की ओर से कनाडा की नागरिकता दी गई थी। अक्षय कुमार ने दिसंबर 2019 में भारतीय पासपोर्ट के लिए आवेदन दिया था और कहा था कि वो अपनी कनाडाई नागरिकता छोड़ने वाले हैं।

दरअसल, अक्षय कुमार की जब भारत में बैक-टू-बैक फिल्में फ्लॉप हो रही थीं, तब उन्होंने दोस्त की सलाह पर कनाडा में बसने का फैसला किया था। उन्होंने पासपोर्ट के लिए आवेदन दिया और उन्हें वहां की नागरिकता मिल गई। अक्षय कुमार ने कॉफी विद करण में बताया था कि कई लोग उन्हें कनाडा नागरिकता होने पर कनाडा कुमार कहकर बुलाते हैं। हालांकि, उन्हें इस तरह की ट्रोलिंग से फर्क नहीं पड़ता है।